हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , आयतुल्लाह सय्यद अहमद हुसैनी खुरासानी ने रविवार को टेलीविजन कार्यक्रम «आफ़्ताब-ए-शर्क़ी» में कहा कि उन्हें कई दशकों तक आयतुल्लाह उज़्मा वहीद खुरासानी का शिष्य रहने और उनके इल्मी तथा आध्यात्मिक ज्ञान से लाभ उठाने का गौरव प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा,मैंने उनके ज्ञान, प्रशिक्षण, आध्यात्मिकता और नैतिकता से बहुत कुछ सीखा है। मुझे उम्मीद है कि मैं उनकी शिक्षाओं को अपने व्यक्तिगत जीवन में लागू कर सकूँगा और समाज, हौज़ा-ए-इल्मिया तथा अपने देश के लोगों की सेवा में प्रभावी भूमिका निभा सकूँगा।
संविधान संरक्षक परिषद के सदस्य ने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि आयतुल्लाह उज़्मा वहीद खुरासानी का इल्मी स्थान सभी के द्वारा स्वीकार किया जाता है। उनके स्पष्ट इल्मी गुणों के साथ-साथ उनमें एक ऐसी विशेषता भी थी, जिस पर शायद कम ध्यान दिया गया। वह विशेषता थी अपने शिष्यों का सम्मान और उनका आदर करना। यह गुण हौज़ा के छात्रों और पूरे समाज के लिए एक शिक्षाप्रद आदर्श बन सकता है।
आयतुल्लाह हुसैनी खुरासानी ने आगे कहा कि दरस समाप्त होने के बाद कुछ छात्र उनके घर तक के रास्ते के एक हिस्से में उनके साथ चलते थे। इस दौरान वे अपने सवाल पूछते थे। कभी-कभी छात्र दरस के बाद अपनी इल्मी समस्याएँ और आपत्तियाँ भी उनके सामने रखते थे, जिनका वे खुले दिल और धैर्य के साथ जवाब देते थे। यह व्यवहार शिष्य निर्माण और इस्लामी नैतिकता की शिक्षा देने के उद्देश्य से होता था।
आयतुल्लाह उज़्मा वहीद खुरासानी के साथ अपने चार दशकों से अधिक के संबंध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा,सितंबर 1985 से लेकर कोरोना महामारी के दौर की शुरुआत तक मेरा उनसे लगातार संपर्क रहा। उसके बाद इल्मी व्यस्तताओं और अन्य गतिविधियों के कारण यह संपर्क कम हो गया, लेकिन कभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। हाल के वर्षों में उनकी अधिक उम्र और बीमारी के कारण मुलाक़ातें सीमित हो गई थीं।
मजलिस-ए-ख़ुबरगान-ए-रहबरी के सदस्य ने आयतुल्लाह उज़्मा वहीद खुरासानी के पिता जैसे व्यवहार की एक याद साझा करते हुए कहा कि एक प्रचार यात्रा पर जाने से पहले वे अपनी कुछ चिंताओं को रखने और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए उनके पास पहुँचे।
उन्होंने कहा,अपनी बातें रखने और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद उन्होंने मेरी यात्रा के लिए दुआ की और एक ऐसा वाक्य कहा, जिसकी मिठास आज भी मुझे याद है। उन्होंने फरमाया ‘हे अल्लाह! वह जहाँ भी हो, उसे सलामत रखना।
आयतुल्लाह हुसैनी खुरासानी ने आगे कहा कि इसके बाद उन्होंने मुझसे फरमाया,अपने परिवार वालों से कह देना कि उन्हें जब भी कोई काम हो हमें बता दें।
उन्होंने कहा कि यह वाक्य मेरे लिए बहुत प्रभावशाली था, क्योंकि इससे पता चलता था कि वे केवल एक महान उस्ताद और शिक्षक ही नहीं थे, बल्कि एक दयालु और चिंतित पिता की तरह अपने शिष्यों और उनके परिवारों की भी चिंता करते थे।
उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि इस तरह के संबंधों को शैक्षिक और इल्मी संस्थानों में विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। यह व्यवहार हौज़ा-ए-इल्मिया में उस्ताद और शिष्य के संबंधों की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है। एक उस्ताद को ज्ञान की शिक्षा देने के साथ-साथ अपने शिष्यों के नैतिक प्रशिक्षण और उनके जीवन से जुड़े मामलों के प्रति भी ज़िम्मेदारी का एहसास होना चाहिए।
संविधान संरक्षक परिषद के सदस्य ने अंत में आयतुल्लाह उज़्मा वहीद खुरासानी की अहले-बैत (अ.स.) के प्रति गहरी श्रद्धा का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अहले-बैत (अ.स.) के प्रेम में पूरी तरह डूबे हुए थे। उनका संपूर्ण जीवन पैग़म्बर के परिवार के प्रति श्रद्धा और प्रेम से जुड़ा हुआ था।
उन्होंने दुआ करते हुए कहा,मुझे उम्मीद है कि उस महान और ईश्वर के नेक बंदे की आत्मा का हश्र हज़रत मासूमीन (अ.स.) के साथ हो और उनकी याद तथा उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ जीवित रहे।
आपकी टिप्पणी